'
1200 से अधिक गर्भवती महिलाओं की जांच भोपाल: 25 जून 2025
जिले की 88 स्वास्थ्य संस्थाओं में हुए एक्सटेंड प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर
1200 से अधिक गर्भवती महिलाओं की जांच
एक्सटेंडेड प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत बुधवार को शिविरों में 1268 गर्भवती महिलाओं की जांच कर हाई रिस्क प्रेगनेंसी को चिह्नित किया गया। गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल डिस्पेंसरी, संजीवनी क्लिनिक्स में शिविर आयोजित हुए। अभियान के तहत शासकीय चिकित्सकों के अलावा निजी स्वास्थ्य संस्थाओं के चिकित्सकों द्वारा माह में दो बार शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में आकर निशुल्क परामर्श दिया जा रहा है।
शिविरों में चिह्नांकित हाईरिस्क महिलाओं की विशेष चिकित्सकीय देखभाल एवं अतिरिक्त फॉलोअप किया जाता है। अभियान के तहत शिविरों में 139 महिलाओं की निजी सोनोग्राफी केंद्रों के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नि:शुल्क सोनोग्राफी भी कराई गई। साथ ही जांच के लिए महिलाओं को लाने एवं घर छोड़ने की सुविधा 108 एंबुलेंस द्वारा नि:शुल्क दी गई।
शिविर में 302 महिलाओं को गर्भावस्था प्रेरित उच्च रक्तचाप, पूर्व में सीजेरियन प्रसव होने, एनीमिया, हैबिचुअल अबॉर्शन , पूर्व में मृत शिशु जन्म, ग्रैंड मल्टीपैरा, माल प्रेजेंटेशन जैसी विभिन्न जटिलताओं के आधार पर चिह्नांकित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ.मनीष शर्मा ने बताया कि एक्सटेंड प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर में चिह्नांकित हाईरिस्क महिलाओं को सुरक्षित प्रसव होने तक निरंतर फॉलोअप किया जाता है। मातृ मृत्यु दर को कम करने में इन शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।